कवर्धा भीषण हादसा: पुल से 50 फीट नीचे गिरी अनियंत्रित कार; रायपुर के 4 युवकों की मौत, 2 गंभीर
Kawardha Horrific Accident: Out-of-control car plunges 50 feet from bridge
कवर्धा: Kawardha Horrific Accident: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में चार युवकों की मौत हो गई है। हादसा एक कार के अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिरने के कारण हुआ है। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के पंडरिया इलाके में पांडातराई के करीब गड़ाई गांव स्थित एक छोटे पुल से तेज गति से जा रही कार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। इस घटना में अरमान अली, मोहम्मद सैफ, अनस अली और कौनैन की मौत हो गई तथा दो अन्य जुनेद रजा और आरजू खान घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
शादी समारोह में शामिल होने जा रहा है
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस को मिली सूचना के अनुसार, रायपुर के बिरगांव निवासी युवक एक कार में सवार होकर विवाह समारोह में शामिल होने पंडरिया के लिए रवाना हुए थे। रविवार देर रात जब वह गड़ाई गांव स्थित एक छोटे पुल के करीब पहुंचे तब उसकी कार अनियंत्रित होकर पुल से लगभग 50 फुट नीचे गिर गई। इस घटना में चार युवकों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही पहुंची टीम
अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि घायल युवकों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
- छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में बड़ा हादसा
- तेज रफ्तार कारण पुल से नीचे गिरी
- हादसे में चार युवकों की मौत, दो घायल
- पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
शव परिजनों को सौंपा जाएगा
मामले की जानकारी देते हुए पांडातराई पुलिस ने कहा कि चालक नशे में थे या नहीं इस बात का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा। पोस्टमार्टम के लिए शवों को भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को निकाल लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। टीम ने कहा कि पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।