झारखंड राज्यसभा चुनाव: नामांकन प्रक्रिया पूरी, बैद्यनाथ राम, प्रणव झा और परिमल नथवाणी मैदान में
Nomination process complete
रांची। Nomination process complete, झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होनेवाले चुनाव के तहत सोमवार को प्रत्याशियों को लेकर उहापोह की स्थिति खत्म हो गई। झामुमो और कांग्रेस के प्रत्याशी ताे तय थे, लेकिन भाजपा के प्रत्याशी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।
नामांकन की अंतिम तिथि सोमवार को ही पूरी तस्वीर साफ हो सकी। सत्तारूढ़ गठबंधन से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झामुमो प्रत्याशी पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम तथा कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने दो-दो सेट में नामांकन दाखिल किए।
मुख्यमंत्री जहां बैद्यनाथ राम के प्रस्तावक बने, वहीं कल्पना सोरेन कांग्रेस प्रत्याशी की प्रस्तावक बनीं। वहीं, सारे अटकलों को विराम देते हुए उद्योगपति परिमल नथवाणी ने भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो सेट में नामांकन दाखिल किया।
झारखंड में विधायकों के संख्या बल के लिहाज से बैद्यनाथ राम की जीत तो पक्की है, लेकिन प्रणव झा व परिमल के बीच रोचक मुकाबला तय है। सो, मतदान के दिन 18 जून तक झारखंड में सियासी हलचल चरम पर रहेगी। एक भी वोट से नतीजा इधर से उधर हो सकता है।
सोमवार को सबसे पहले बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस के पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, राजद विधायक सुरेश पासवान तथा भाकपा माले के विधायक अरूप चटर्जी की उपस्थिति में नामांकन दाखिल किए।
उनके तुरंत बाद इन सभी की उपस्थिति में प्रणव झा ने पर्चा भरा। अंत में परिमल नथवाणी ने भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सीपी सिंह की उपस्थिति में पर्चा भरा।
बैद्यनाथ के सभी प्रस्तावक झामुमो के विधायक रहे, जबकि प्रणव झा के प्रस्तावक सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी घटक दलों के विधायक बने। नथवाणी के भी प्रस्तावक एनडीए के सभी दलों के विधायक हैं।
बताते चलें कि भाजपा ने रविवार तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की थी। संभावित प्रत्याशी गौरव वल्लभ रविवार रात तक रांची में जमे थे। उन्होंने पर्चा भी खरीदा था, लेकिन अंत में पार्टी ने नामांकन से ठीक पहले परिमल नथवाणी को समर्थन देने की घोषणा की। पार्टी ने अपना प्रत्याशी नहीं होने के पीछे आवश्यक संख्या बल नहीं होने को कारण बताया।
पर्चा खरीदने वाले चार लोगों ने नहीं किया नामांकन
चुनाव लड़ने के लिए नामांकन दाखिल करनेवाले तीन प्रत्याशियों के अलावा चार अन्य लोगों ने भी पर्चा खरीदा था, लेकिन उन्होंने नामांकन नहीं किया। इनमें गौरव वल्लभ, वी विजय साईंं रेड्डी, रमना रेड्डी तथा रवि पीटर सम्मिलित हैं। रमना रेड्डी ने नामांकन अवधि खत्म होने के लगभग दो घंटे पहले नामांकन पत्र खरीदा था।
नामांकन के बाद किस प्रत्याशी ने क्या कहा?
दोनों सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशियों की जीत होगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हम चुनाव लड़ रहे हैं। मैंने दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है, जिसमें 10-10 विधायक प्रस्तावक बने हैं। -बैद्यनाथ राम, प्रत्याशी, झामुमो
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में हम जीतने जा रहे हैं। भाजपा के पास प्रत्याशी नहीं था तो धन पशु के सहारे वह मैदान में उतरी है। हार्स ट्रेडिंग को बढ़ावा देने के लिए ऐसा किया गया है। यह झारखंड की धरती है, यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की नहीं चलेगी। न ही उनका मंसूबा सफल होगा।
प्रणव झा, प्रत्याशी, कांग्रेसझारखंड मेरी कर्मभूमि रही है। इसलिए मैं पुराना झारखंडी हूं। इससे पहले भी मैं राज्यसभा का सदस्य रहा हूं और झारखंड के लिए काम कर चुका हूं। अबकी बार भी मुझे मौका मिलेगा। मुझे सत्तारूढ़ गठबंधन का भी साथ मिलेगा। मैं अपने पुराने कामों को आगे बढ़ाऊंगा। मैं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस और भाजपा तीनों पार्टियों के नेताओं को जानता हूं, इसलिए मैं पूरी तरह से आश्वस्त हूं कि जीत हमारी होगी। -परिमल नथवाणी , भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी
किसके प्रस्तावक कौन
बैद्यनाथ राम (झामुमो प्रत्याशी)
सेट-01
हेमंत सोरेन, स्टीफन मरांडी, मथुरा प्रसाद महतो, उदयशंकर सिंह, लुईस मरांडी, सविता महतो, समीर कुमार मोहंती, अनंत प्रताप देव, जिगा सुसारन होरो, संजीव सरदार।
सेट - 02
बसंत सोरेन, हफीजुल हसन, सुदिव्य कुमार, उमाकांत रजक, धनंजय सोरेन, योगेंद्र प्रसाद, मोहम्मद ताजुद्दीन, आलोक कुमार सोरेन, सुदीप गुड़िया, राम सूर्या मुंडा
प्रणव झा (कांग्रेस प्रत्याशी)
सेट-01
प्रदीप यादव, डा. रामेश्वर उरांव, राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, भूषण बाड़ा, नमन विक्सल कोंगाड़ी, सुरेश कुमार बैठा, शिल्पी नेहा तिर्की, राजेश कच्छप, कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह
सेट - 02
कल्पना मुर्मू सोरेन, संजय प्रसाद यादव, सुरेश पासवान, मंगल कालिंदी, दीपक बिरुवा, निरल पूर्ति, भूषण तिर्की, सुखराम उरांव, नरेश प्रसाद सिंह, अरुप चटर्जी
परिमल नथवानी (भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी)
सेट - 1
बाबूलाल मरांडी, मनोज कुमार यादव, नवीन जायसवाल, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, जनार्दन पासवान, राज सिन्हा, निर्मल महतो, प्रकाश राम, चंदेश्वर प्रसाद सिंह।
सेट - 2
चंपई सोरेन, सरयू राय, अमित कुमार यादव, नागेंद्र महतो, कुशवाहा शशि भूषण मेहता, मंजू कुमारी, रागिनी सिंह, पूर्णिमा साहू, देवेंद्र कुवंर, आलोक कुमार चौरसिया।