मोदी के रहते प्रधानमंत्री का पद सालों तक खाली नहीं; सांसद निशिकांत दुबे का बयान- BJP बिना मोदी के 150 सीटें भी नहीं जीत सकती

BJP MP Nishikant Dubey Statement on PM Narendra Modi Prime Minister Post
Nishikant Dubey on PM Modi: इन दिनों एक सियासी सुगबाहट खूब जोर पकड़े हुए है। सबकी नजर दिल्ली पर आ लगी है। दरअसल, बात है प्रधानमंत्री की कुर्सी की। ऐसी कई अटकलें हैं कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद से हटने जा रहे हैं। इसमें एक सबसे बड़ा फ़ैक्ट 75 साल की उम्र होने का दिया जा रहा है. इसके अलावा संघ (आरएसएस) की भूमिका की भी अलग चर्चा है। लेकिन इस सबके बीच बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने अलग ही संकेत दे डाला है। यह संकेत है कि मोदी के ही प्रधानमंत्री बने रहने का।
निशिकांत दुबे ने पीएम मोदी पर बड़ा बयान दिया है। दुबे ने पीएम मोदी की लोकप्रियता और नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा है कि आने वाले 15-20 सालों तक प्रधानमंत्री का पद खाली नहीं है और देश में अभी केवल मोदी का ही युग रहेगा। वहीं निशिकांत दुबे यह कहने से भी नहीं हिचकिचाये कि बिना मोदी के बीजेपी 150 सीटें भी नहीं जीत सकती। दुबे ने कहा कि, अगर बीजेपी मोदी के नेतृत्व में चुनाव नहीं लड़ती है तो बीजेपी के लिए 150 सीटें जीतना भी मुश्किल है।
दरअसल, एक न्यूज एजेंसी को इंटरव्यू देने के दौरान सांसद निशिकांत दुबे ने इस तरह की बयानबाजी की। निशिकांत दुबे ने कहा, ''बीजेपी की मजबूरी है कि मोदी जी के नेतृत्व में ही 2029 का चुनाव लड़ना पड़ेगा। आज हमारे जैसे लोगों को और कार्यकर्ताओं को मोदी जी की आवश्यकता है। मोदी जी को हमारी आवश्यकता नहीं है। मोदी जी का तो अपना जीवन हो गया। उनकी तो पूर्व प्रधानमंत्री होने के नाते जो जितनी व्यवस्थाएं हैं, वो चलती रहेंगी। लेकिन इसके लिए वो थोड़े सत्ता में आए हैं।''
वहीं निशिकांत दुबे ने आगे कहा, ''2047 का यदि विकसित भारत बनाना है तो आपको मोदी जी को जब तक उनका शरीर साथ देता है, उन्हें आगे लाना पड़ेगा और इस देश में ये हुआ है कि, 82 साल की उम्र में मोरारजी भाई देश के प्रधानमंत्री बने। फिर उम्र को लेकर इस तरह की सोच किसी के मन में कैसे है।'' इस बीच निशिकांत दुबे ने उत्तर प्रदेश के चुनाव और बीजेपी के सत्ता में आने का श्रेय मोदी को ही दिया।
निशिकांत दुबे ने कहा कि ''जब 2017 का चुनाव बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में लड़ा तो उस समय यूपी में कोई फेस नहीं था। यही फ़ैक्ट है। उस समय मोदी जी के नाम पर ही वोट मिला और आज भी उन्हीं के नाम पर ही वोट मिलता है। आज भी हम मोदी जी के नाम पर ही जीतकर आते हैं। यही मैंने पहले भी कहा था। इसमें कोई कंट्रोवर्सी की बात ही नहीं होनी चाहिए और मैं फिर से यही बात कह रहा हूं।''
मसलन, निशिकांत दुबे ने बीजेपी की चुनावी जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को महत्वपूर्ण बताया है। उनका मानना है कि यह प्रधानमंत्री मोदी की ही छवि है, जिसके कारण आज भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार केंद्रीय सत्ता में है। दुबे का कहना है कि, बीजेपी की सफलता के पीछे का मुख्य कारण प्रधानमंत्री मोदी के प्रति लोगों का विश्वास है। पीएम मोदी पर लोगों का भरोसा इतना मजबूत है, जिसका लाभ भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है।