दिल्ली मालवीय नगर अग्निकांड: गुरुग्राम के सीए विवेक अग्रवाल के पिता की भी मौत, परिवार उजड़ गया

Delhi Malviya Nagar Fire Tragedy

Delhi Malviya Nagar Fire Tragedy

गुरुग्राम। Delhi Malviya Nagar Fire Tragedy, दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में जिस सीए के परिवार के पांच लोगों की मृत्यु हो गई थी, आज यानी 9 जून को उसी के आखिरी सदस्य यानी सीए के पिता की भी मौत हो गई है।

बीते बुधवार हौजरानी अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हुई थी, जिसमें से एक ही परिवार के 5 लोग व दो उनके रिश्तेदार मारे गए थे।

वह परिवार गुरुग्राम के सीए विवेक अग्रवाल का था। अग्निकांड के बाद विवेक के परिवार में सिर्फ पिता बचे थे, जिनका दिल्ली के मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा था।

मंलवार को विवेक के पिता राधेश्याम अग्रवाल का भी निधन हो गया और इसके साथ ही अब पूरा अग्रवाल परिवार खत्म हो गया है। उनका आज ही शाम गुरुग्राम में अंतिम संस्कार हो सकता है।

अग्निकांड में उजड़ गया गुरुग्राम का एक परिवार

गुरुग्राम के सेक्टर 46 में रह रहे विवेक अग्रवाल के पिता राधेश्याम अग्रवाल मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें देखने के लिए लगातार विवेक तीन दिनों से दिल्ली जा रहे थे। बीते मंगलवार (2 जून) की शाम को मां प्रेमलता अग्रवाल, पत्नी तर्जनी अग्रवाल, बड़ी बेटी जीविशा, छोटी बेटी वारिया व मामा अशोक गोयल को लेकर अस्पताल पहुंचे थे।

रात में रुकने के लिए अस्पताल के सामने संचालित गेस्ट हाउस में दो रूम भी लिए थे। बुधवार (3 जून) सुबह करीब सात बजे राधेश्याम अग्रवाल को देखने के लिए विवेक अग्रवाल की मौसी कमला और मौसा झुमरी लाल भी अजमेर से पहुंचे थे।

मामा अशोक गोयल राजस्थान के किशनगढ़ के रहने वाले थे। सुबह बिल्डिंग में आग लगने से सभी लोग उसमें फंस गए थे। विवेक अग्रवाल के ससुर प्रेम बंसल ने दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान परिवार के आठ लोगों की मौत की पुष्टि की थी।