प्रदेश में 1.66 लाख ने जाना केस स्टेट्स
फरीदाबाद में सर्वाधिक लोगों ने ली जानकारी
Police launched ‘No Your Case’ campaign: चंडीगढ़। पुलिस कार्यों में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के उद्देश्य से हरियाणा पुलिस द्वारा चलाई जा रही ‘नो योर केस’ योजना के तहत वर्ष 2020 में 1.66 लाख से अधिक नागरिकों ने संबंधित पुलिस थानों व चैकियों में जाकर अपने केस की मौजूदा स्थिति की जानकारी हासिल की।
Police launched ‘No Your Case’ campaign: हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नवदीप सिंह विर्क ने आज इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत गत वर्ष जनवरी से दिसंबर के बीच 89 हजार 353 लोगों ने पुलिस थानों में अपनी शिकायतों की प्रगति बारे रिर्पोट हासिल की जबकि 76 हजार 864 लोगों ने उनके द्वारा दर्ज कराए गए आपराधिक मामलों की जानकारी प्राप्त की।
कोविड महामारी के बावजूद, ये आंकड़े सीधे तौर पर हरियाणा पुलिस की पारदर्शी और सार्वजनिक-उन्मुख पुलिसिंग पहल के प्रति जनता की सकारात्मक प्रतिक्रिया को दर्शाते हैं।
योजना का ब्योरा देते हुए विर्क ने बताया कि जिला फरीदाबाद में सर्वाधिक 30,135 नागरिकों ने सीधे जांच अधिकारियों या वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर शिकायतों और आपराधिक मामलों की प्रगति बारे जानकारी ली। इसी प्रकार, गुरुग्राम और पलवल जिलों में केस संबंधी जानकारी प्राप्त करने वालों का आंकडा क्रमश: 20,527 और 18,502 दर्ज किया गया। एडीजीपी ने बताया कि प्रत्येक माह अंतिम शनिवार और रविवार को सुबह 9 से 11 बजे तक ‘नो योर केस’ दिवस के रूप में तय किया गया है।