gas cylinder price hike : लगता है कि आम आदमी की जेब जोरों से कटने की नौबत आ गई है| पेट्रोल-डीजल में लगी महंगाई की आग के साथ अब बिना सब्सिडी वाले घरेलु गैस सिलेंडर की कीमत में भी इजाफा हुआ है| इस महीने में यह तीसरी बार बढ़ोत्तरी की गई है यानि फरवरी महीने में बिना सब्सिडी वाले घरेलु गैस सिलेंडर की कीमत लगातार तीसरी बार बढ़ाई गई है| अब इस घरेलु गैस सिलेंडर की कीमत में 25 रूपए बढ़े हैं जिसके बाद दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम घरेलु गैस सिलेंडर की कीमत 769 रुपए से बढ़कर 794 पहुँच गई है|
अगर बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने की बात करें तो जनवरी से लेकर अब तक 100 रुपये की बढ़ोत्तरी हो चुकी है। बता दें कि दिल्ली में 1 जनवरी को घरेलू LPG के दाम 694.00 रुपये थे। वहीं 4 फरवरी को कीमत बढ़कर 719.00 रुपये हो गई थीं। इसके बाद 15 फरवरी को एक बार फिर कीमत में वृद्धि हो गई। जिसके बाद दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 769.00 रुपये हो गई और अब 25 फरवरी को फिर से 25 रूपए बढ़ जाने से कीमत 794 हो गई है|
विपक्ष का हमला….
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम पर सरकार को घेर रहा विपक्ष अब गैस की कीमत बढ़ने(gas cylinder price hike) को लेकर सरकार पर हमलावर है| कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले तीन महीने में घरेलू गैस सिलेंडर पर 200 रुपए बढ़े। पेट्रोल डीजल शतक मारने की तरफ बढ़ ही चुके हैं। अर्थव्यवस्था के दोनों छोरों पर खरबपति मित्रों के लिए बैटिंग करने वाली मोदी सरकार की पिच आमजनों के लिए कमरतोड़ महंगाई से भरी हुई है।
इधर, हरियाणा कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा ने भी सरकार को निशाने पर लिया| शैलजा ने कहा कि उद्योग धंधे चौपट हैं। रोजगार के अवसर समाप्त होते जा रहे हैं। पेट्रोल-डीजल-घरेलू गैस सिलेंडर के दाम निरंतर बढ़ रहे हैं। महंगाई आसमान छू रही है। आम जनता अपना घर कैसे चलाए? क्या यही हैं अच्छे दिन?