बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों ने संभाला कार्यभार, विकास और जनकल्याण पर दिया जोर
Following the cabinet expansion in Bihar
पटना। Following the cabinet expansion in Bihar, बिहार में सम्राट मंत्रिमंडल का विस्तार होने के बाद कई मंत्रियों ने शुक्रवार को अपने-अपने विभागों का कार्यभार संभाला। उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। कहा कि सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल व पारदर्शी वातावरण तैयार करने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। विभाग पहुंचने पर उद्योग मंत्री का विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
उद्योग विभाग के सचिव ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभाग की विभिन्न योजनाओं, गतिविधियों एवं प्रगति से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन,
बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करना प्राथमिकता: बुलो
ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने शुक्रवार को ऊर्जा विभाग का पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करना व उपभोक्ताओं की सुविधा उनकी प्राथमिकता है।
ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह ने मंत्री को विभाग एवं विद्युत कंपनियों की चल रही महत्वपूर्ण योजनाओं एवं परियोजनाओं की जानकारी दी।
पात्र लाभुकों तक पहुंचे योजना का लाभ : श्वेता
समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने शुक्रवार को विभाग का पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि पात्र लाभुकों तक पहुंचे विभाग की योजनाओं का लाभ। उन्होंने विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
समस्याओं का त्वरित समाधान होगा: मिथिलेश
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण करने के बाद विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जवाबदेही और जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। विभाग में एक सशक्त सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आमजन एवं शिक्षकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो।
स्वास्थ्य मंत्री ने मुफ्त और बेहतर इलाज पर दिया जोर
बिहार के नए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित स्वास्थ्य विभाग कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की और कहा कि पिछले 20 वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सुधार हुआ है, जिसे अब और तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
एक करोड़ युवाओं को रोजगार से जोड़ना लक्ष्य
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि एक करोड़ युवाओं को रोजगार से जोड़ना मुख्य लक्ष्य है। कार्यभार संभालने के बाद मंत्री ने विभाग के सभी प्रभागों निदेशालय, नियोजन एवं प्रशिक्षण, बिहार कौशल विकास मिशन, बिहार राज्य समुद्र पार नियोजन ब्यूरो, युवा आयोग के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की।
सोलर स्ट्रीट लाइट की शिकायतों का हो निराकरण
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को विभाग का दायित्व ग्रहण कर लिया। इसके उपरांत समीक्षा के दौरान योजनाओं के लेकर अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत पंचायतों में लगाई गई सोलर स्ट्रीट लाइटों के रख-रखाव एवं क्रियान्वयन से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कराएं।
पेयजल आपूर्ति में कोताही पर होगी कठोर कार्रवाई
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के मंत्री संजय कुमार सिंह ने हर घर तक शुद्ध पेयजल आपूर्ति की प्रतिबद्धता जताई। कोताही-लापरवाही या अनियमितता पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। अधिकारियों को जलापूर्ति योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन का निर्देश दिया।
अल्पसंख्यक वर्ग का विकास प्राथमिकता: जमा
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री जमा खान ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग के कल्याण और उनके विकास के लिए सरकार निरंतर सक्रिय है। पदभार ग्रहण करने के बाद जमा खान ने विभागीय अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली।
पिछड़े इलाके का विकास हमारी प्राथमिकता: लखेंद्र
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी बहुल टोलों जहां सड़क, भवन और शिक्षा का अभाव है, वहां काम करना हमारी पहली प्राथमिकता है।
विभाग आमजन तक पहुंचे करेंगे प्रयास: नंद किशोर
डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंद किशोर राम ने कहा कि बिहार में मछली पालन और डेयरी विकास की असीम संभावनाएं हैं। वे विभाग की योजनाओं को हर गांव तक पहुंचाने का काम करेंगे। विभाग आमजन तक पहुंचे, इसके लिए प्रयास करेंगे।
भ्रामक सूचनाओं का तुरंत करें प्रतिकार
सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा है कि विभाग भ्रामक सूचनाओं का तुरंत प्रतिकार करे। दूसरे राज्यों में राज्य की बेहतर छवि बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए। शुक्रवार को पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि राज्य की अच्छी छवि बनाने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, रेडियो और सोशल मीडिया टूल्स का समन्वित उपयोग किया जाए।
विभागीय सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह एवं निदेशक अनिल कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म का अधिक उपयोग करते हुए सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
गांवों की सड़कों से गुजरता है विकास का रास्ता : मंत्री
ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सुनील कुमार ने शुक्रवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इसके उपरांत मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। विभागीय योजनाओं के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि राज्य की चहुंमुखी विकास का रास्ता गांवों की सुदृढ़ सड़कों से ही होकर गुजरता है। ग्रामीण क्षेत्रों में बारहमासी संपर्कता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
अनेक योजनाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डा. रामचंद्र प्रसाद ने शुक्रवार को अरण्य भवन में पदभार ग्रहण किया। विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री आनंद किशोर ने उनका स्वागत किया और विभागीय कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर पर्यावरण मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में अनेक योजनाओं व पहल को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
लंबित कार्यों को पूरा करने को विशेष अभियान: जायसवाल
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डा. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा है कि विभाग के लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए तीन महीने तक विशेष अभियान चलेगा। वे शुक्रवार को पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य की जनता के कार्यों को सरल और सुलभ बनाना लक्ष्य है। यह आम जनता से सीधे जुड़ा विभाग है।
घर तक राशन पहुंचाने का करेंगे प्रयास: चौधरी
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने शुक्रवार को पदभार संभाल लिया। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग बिहार के करोड़ों लोगों के जीवन से काफी गहराई से जुड़ा है। राज्य में राशन कार्ड के लाभार्थियों की संख्या आठ करोड़ से ज्यादा है। हमारा प्रयास होगा कि राशन कार्ड के बुजुर्ग लाभार्थियों को उनके घर तक राशन पहुंचाया जाए।
गन्ना मूल्य का चीनी मिल समय पर करें भुगतान
गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समय पर गन्ना मूल्य भुगतान तथा किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। मंत्री दायित्व संभालने के उपरांत विभागीय योजनाओं, कार्यप्रणाली तथा राज्य की बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनरोद्धार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
गांवों से शहरों तक अब सड़क संपर्क सुगम और मजबूत होगा
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने शुक्रवार को विश्वेश्वरैया भवन स्थित कार्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि गांवों से शहरों तक अब सड़क संपर्क सुगम और मजबूत होगा। इसके लिए परिवहन विभाग और अधिक तैयारियों के साथ काम करेगा।
फूहड़ एवं अश्लील गानों पर रोक लगेगी
डॉ. प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को शंखनाद एवं पूर्जा-अर्चना कर कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि फूहड़ एवं अश्लील गानों पर रोक लगेगी। इससे हमारे समाज में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी और महिलाएं सुरक्षित महसूस करेंगी।
धार्मिक, सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों का व्यापक विकास किया जाएगा
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने शुक्रवार को मुख्य सचिवालय स्थित कार्यालय कक्ष में पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि बिहार को देश और दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल किया जाए। आने वाले समय में राज्य के अनेक धार्मिक, सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों का व्यापक विकास किया जाएगा।
शराबबंदी कानून का और सख्ती से पालन होगा
मदन सहनी ने शुक्रवार को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि राज्य में शराबबंदी कानून का और सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए नई नीतियों के निर्माण एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी जाएगी।