लुधियाना। पिछले चौबीस घंटों के दौरान पुलिस ने विभिन्न जगहों पर कार्रवाई करते हुए सरकारी आदेशों की अवेहलना करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन और रोड जाम करने के अलावा कर्फ्यू के दौरान सरेआम शराब पीने के आरोप में चार केस दर्ज किए गए हैं।
नाइट कर्फ्यू में खोली फास्ट फूड शॉप
थाना हैबोवाल पुलिस ने सिविल सिटी रोड पर दुकान खोल कर बैठे दुकानदार को गिरफ्तार किया है। एएसआइ गुरमेल सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान सीता नगर निवासी उमेश शर्मा के रूप में हुई। वह सिविल सिटी इलाके में स्वामी साउथ इंडियन फास्ट फूड नाम की दुकान खोल कर ग्राहकों को खाने पीने का सामान बेच रहा था। थाना माडल टाउन पुलिस ने माडल टाउन इलाके में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान मॉडल हाउस निवासी भूपिंदर सिंह के रूप में हुई। वह देर रात नाइट कर्फ्यू के दौरान दुकान खोल कर ग्राहकों को सामान बेच रहा था।
फव्वारा चौक के पास रेहड़ी लगा लगाया जाम
थाना डिवीजन नंबर 8 पुलिस ने फव्वारा चौक के पास रेहड़ी लगा कर रोड जाम करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एएसआइ विसाखा सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान किचलू नगर निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई। पुलिस को मंगलवार शाम सूचना मिली थी कि फव्वारा चौक के एसबीआई बैंक के पास जाम लगा हुआ है। चेक करने पर पाया कि आरोपित वहां पंक्चर बनाने की रेहड़ी लगा कर काम कर रहा था। जिसके चलते वहां जाम लग गया था।
किप्स मार्केट में नाइट कर्फ्यू तोड़ पी रहे थे शराब
थाना डिवीजन नंबर 5 पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सराभा नगर की किप्स मार्केट में सार्वजनिक जगह पर शराब पी रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया। एएसआइ मलकीत राम ने बताया कि आरोपितों की पहचान माछीवाड़ा के करण अस्पताल के निकट रहने वाले जसकरण सिंह और जतिंदरपाल सिंह के रूप में हुई। दोनों नाइट कर्फ्यू के दौरान वहां बैठ कर शराब पी रहे थे।