कोडरमा में 'फिल्मी' ड्रामा: दरवाजे पर खड़ी थी बरात और प्रेमी के साथ फरार हो गई दुल्हन; बिना फेरों के लौटा दूल्हा
'Filmy' Drama in Koderma
मरकच्चो (कोडरमा)। 'Filmy' Drama in Koderma, कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत दशारो गांव में सोमवार की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शादी की सारी तैयारियों के बीच दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बरात को बिना दुल्हन के ही मायूस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कोडरमा जिला के ही डंडाडीह, जयनगर निवासी राजमणी कुमार की शादी दशारो गांव के बालेश्वर ठाकुर की पुत्री पिंकी कुमारी से तय थी। 20 अप्रैल की रात धूमधाम से बरात गांव पहुंची। स्वागत-सत्कार के बीच विवाह की सभी रस्मों की तैयारी पूरी कर ली गई थी।
अचानक गायब हो गई दुल्हन
माहौल खुशियों से सराबोर था, लेकिन तभी अचानक दुल्हन के गायब होने की खबर ने सबको चौंका दिया। परिवालों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, जिसके बाद खुलासा हुआ कि दुल्हन अपने पड़ोस में रहने वाले प्रेमी रवि रजक के साथ भाग गई है।
लंबे समय चल रहा था प्रेम प्रसंग
बताया जाता है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। घटना के बाद वर और वधु पक्ष के बीच जमकर हंगामा हुआ। वर पक्ष ने इसे सीधा धोखा करार दिया और नाराजगी जताई, जबकि लड़की पक्ष को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। बाद में ग्रामीणों की पहल पर मामला शांत कराया गया।
फिलहाल, यह 'फिल्मी अंदाज' की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।