दिल्ली में गर्मी का 'टॉर्चर': सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज; 43 डिग्री के साथ 'रिज' रहा सबसे हॉट
Delhi's 'Heat Torture': Hottest Day of the Season Recorded
नई दिल्ली। Delhi's 'Heat Torture': Hottest Day of the Season Recorded, दिल्ली में गुरुवार को सूरज ने तीखे तेवर दिखाए, जिससे दिल्ली वासी भीषण गर्मी से बेहाल नजर आए। आलम यह रहा कि गुरुवार इस साल और इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री अधिक 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा
शहर के अलग-अलग इलाकों में भी तापमान में उछाल देखा गया। रिज इलाका 43.0 डिग्री सेल्सियस के साथ दिल्ली में सबसे गर्म रहा, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा है। अन्य इलाकों की बात करें तो पालम में 41.6 डिग्री, लोधी रोड में 41.4 डिग्री और आयानगर में 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह दर्शाता है कि पूरी दिल्ली इस वक्त भट्टी की तरह तप रही है।
दिन के साथ रातें भी होने लगी गर्म
दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे यह इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रात रही। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। इसी तरह पालम, लोधी रोड और आयानगर में भी रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रहा।
हालांकि, इतनी तपिश के बावजूद मौसम विभाग का कहना है कि तकनीकी रूप से अभी 'लू' की स्थिति नहीं बनी है। विभाग के मुताबिक, लू की घोषणा तब की जाती है जब कम से कम दो स्टेशनों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर हो और वह सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री अधिक रहे।
रविवार को मिल सकती है थोड़ी राहत
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में लू चलने का अनुमान जताया है। हालांकि रविवार को थोड़ी राहत मिल सकती है। उस दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज- चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।