दिल्ली के कई स्कूलों को बम की धमकी; पुलिस ने घेराबंदी की, बम स्क्वायड-फायर टीम मौके पर, चप्पे-चप्पे पर सर्च ऑपरेशन जारी
Delhi Many Schools Bomb Threat Today Breaking News
Delhi Schools Bomb Threat: पिछले कुछ दिनों से जिस तरह लगातार स्कूलों को बम से उड़ाने की फेक धमकी दी जा रही है। यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। इससे पहले वास्तव में कोई बड़ी घटना हो। पुलिस और जांच-सुरक्षा एजेंसियों को इसे कतई हल्के में नहीं लेना चाहिए और इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम उठाना चाहिए। दरअसल राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। वहीं सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और स्पेशल सेल ने स्कूलों में पहुंचकर घेराबंदी कर ली है। सभी स्कूलों और आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 2 दिन पहले भी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
चप्पे-चप्पे पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा
बातया जाता है कि शुक्रवार सुबह ईमेल के जरिए स्कूलों को बम की धमकी मिली। जिसके बाद हड़कंप मच गया। सूचना दिल्ली पुलिस को दी गई। बम की धमकी के बाद एहतियात के तौर पर स्कूलों के परिसर खाली कर दिए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। दिल्ली पुलिस के साथ-साथ सर्च ऑपरेशन में बम स्क्वायड और फायर टीम भी मौके पर मौजूद है। इसके साथ ही तलाशी में डॉग स्क्वायड की टीम भी लगी हुई है। सर्च ऑपरेशन में पुलिस को अब तक न कहीं बम मिला है और न ही कुछ संदिग्ध सामान। फिलहाल सर्च ऑपरेशन अभी जारी है। वहीं दूसरी तरफ धमकी के संबंध में दिल्ली पुलिस ने गंभीरता से जांच भी शुरू कर दी है।
शुरुवाती जांच में माना जा रहा है कि, किसी ने दहशत फैलाने के लिए फर्जी धमकी स्कूलों को भेजी है। दिल्ली पुलिस यह मान रही है कि, किसी ने जानबूझकर ये ईमेल लिख करके शरारत की है। लेकिन धमकी को पहले ही फर्जी मानकर हल्के में नहीं लिया जा सकता। इसलिए पूरी तैयारी के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया है। दिल्ली पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल टीम यह पता लगाने में जुट गईं हैं कि आखिर स्कूलों को धमकी भरी ईमेल किसने और कहां से भेजी? फिलहाल अगर कोई इस तरह की शरारत भी करता है तो उसके खिलाफ पुलिस को ऐसी कार्रवाई करनी चाहिये की नजीर बने और आगे से फिर कोई और ये काम न करे।
बढ़ रहा है धमकियों का सिलसिला
दिल्ली के स्कूलों को यह कोई पहली धमकी नहीं है। इससे पहले भी बीते कुछ महीनों के अंदर दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों में बम रखे जाने की धमकी दी जा चुकी है। जिसके बाद जब दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच की तो जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। मतलब हर बार पुलिस, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीम स्कूलों की तलाशी लेती है और बाद में धमकी अफवाह घोषित होती है। सिर्फ दिल्ली-NCR ही नहीं पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ के स्कूलों को भी हाल ही में बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। इसके अलावा कई अदालतों, विमानों, मॉल, क्लब, होटलों में भी बम रखे जाने की फेक धमकी दी जा चुकी है।