कुरूक्षेत्र को बनाया मुख्य सेंटर
आज गुरुग्राम, हिसार व रोहतक में होगी सप्लाई
Corona vaccine : हरियाणा में बुधवार की शाम तक कोरोना वैक्सीन की दो लाख 61 हजार डोज पहुंच चुकी हैं। प्रदेश में 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान की शुरूआत की जाएगी। जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। बुधवार को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर हरियाणा के लिए 2 लाख 41 हजार 500 कोविशील्ड वैक्सीन पहुंची। जबकि 20 हजार डोज मंगलवार सायं स्वास्थ्य विभाग को मिल चुकी हैं। चंडीगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों की एक टीम ने अपनी निगरानी में कोरोना वैक्सीन को कुरुक्षेत्र में बनाए गए सेंटर में भेजा।
Corona vaccine गुरुवार से रीजनल सेंटर कुरुक्षेत्र, हिसार, गुरुग्राम व रोहतक में वैक्सीन की सप्लाई शुरू होगी, यहां से अन्य जिलों में बनाए गए कोविडशील सेंटरों पर भेजी जाएगी। शनिवार से शुरू होने वाले टीकाकरण में सबसे पहले एक लाख 90 हजार हेल्थ वर्करों को वैक्सीन दी जाएगी। जबकि फ्रंटलाइन पर काम करने वाले वर्कर्स लगभग 4.50 लाख होंगे। जिनमें निकाय कर्मी, सफाई कर्मचारी व पुलिस सहित अन्य विभागों के कर्मी शामिल हैं।
50 वर्ष से अधिक लोगों की संख्या 58 लाख होगी जबकि 50 वर्ष से कम आयु के अन्य बीमारियों से पीडि़त करीब सवा दो लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन का टीका लगाया जाएगा। हेल्थ वर्कर को वैक्सीनेशन के लिए हरियाणा में 107 सेशन साइट रहेंगी, जिन्हें बाद में बढ़ाकर 700 किया जाएगा। इन साइट्स पर प्रदेश के करीब दो लाख हेल्थ वर्कर्स को कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण होगा।
इसके लिए 5044 वैक्सीनेटर ने स्वयं को को-विन पर पंजीकृत किया है। इसी प्रकार 765 जन स्वास्थ्य सुविधाएं, 3634 प्राइवेट हेल्थ फैसिलिटी का पंजीकरण हुआ है। ऐसे ही 1005 सुपरवाइजर और 18921 सोशल साइट्स को-विन पर पंजीकृत हुए हैं।
कोविशील्ड की 2 लाख 61 हजार डोज मिली : विज
कोरोना पॉजिटिव होने के कारण स्वास्थ्य लाभ रहे स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का कहना है कि हरियाणा में कोविशील्ड की 2 लाख 61 हजार डोज मिली हैं। इन्हें चंडीगढ़ एयरपोर्ट से कोविशील्ड वैक्सीन को कुरुक्षेत्र में बनाए गए सेंटर में भिजवा दिया गया है। यहां से रीजनल व जिला सेंटरों पर वैक्सीन की सप्लाई होगी।