बोकारो कोषागार घोटाला: सिपाही काजल मंडल गिरफ्तार, घर से ₹8.75 लाख नकद बरामद

बोकारो कोषागार घोटाला: सिपाही काजल मंडल गिरफ्तार, घर से ₹8.75 लाख नकद बरामद

Bokaro treasury scam: Constable Kajal Mandal arrested

Bokaro treasury scam: Constable Kajal Mandal arrested

रांची। जिला कोषागार से अवैध तरीके से वेतन निकासी मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने गुरुवार को एसपी बोकारो कार्यालय के लेखा शाखा में प्रतिनियुक्त सिपाही काजल मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।

वह बोकारो स्टील सिटी का निवासी है। बोकारो कोषागार से अवैध निकासी मामले में जांच कर रही है एसआईटी की यह चौथी गिरफ्तारी है।
गिरफ्तार काजल मंडल की निशानदेही पर एसआईटी ने छापेमारी कर उसके आवास से अवैध निकासी के 8.75 लाख रुपये बरामद की है।

इससे पहले एसआईटी ने मुख्य आरोपित एसपी कार्यालय के लेखा शाखा के लेखपाल कौशल कुमार पांडेय, उसके सहयोगी गृह रक्षक सतीश कुमार उर्फ सतीश कुमार सिंह, तीसरे सहयोगी एएसआई अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में भेज दिया है।

अब सभी चारों आरोपितों को रिमांड पर लेकर एसआईटी उनके अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाएगी।


कौशल कुमार पांडे ने काजल मंडल के खाते में भेजे थे रुपये

एसआईटी ने जांच में पाया कि काजल मंडल इस कांड में पूर्व से गिरफ्तार मुख्य आरोपित लेखापाल कौशल कुमार पांडेय का सहयोगी था।

अभियुक्त कौशल कुमार पांडेय के खाता से भेजी गयी एवं यात्रा मद से प्राप्त राशि मे से निकासी की गई कुल 8.75 लाख रुपये अभियुक्त काजल मंडल के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर इसके बोकारो स्थित घर से बरामद की गई है।

बोकारो से अवैध निकासी मामले में अब तक बरामदगी

  • बोकारो के तेलीडीह स्थित 04.08 डिसमिल भूमि से संबंधित पेपर।
  • उक्त भूमि पर निर्मित तीन तल्ला मकान।
  • बोकारो के तेलीडीह में ही स्थित अन्य 04.98 डिसमिल भूमि से संबंधित पेपर।
  • विभिन्न बैंको में हस्तांतरित 01 करोड 93 लाख तथा 18 लाख रुपये के फिक्स्ड डिपॉजिट को फ्रिज (सीज) किया गया है।
  • नकद 8.75 लाख रुपये विधिवत जब्ती बनाते हुए जब्त किया गया।


अवैध निकासी मामले की जांच कर रही है CID की SIT

सीआईडी की एसआईटी झारखंड सरकार के आदेश के बाद पूरे मामले की जांच कर रही है। एसआईटी ने अब तक बोकारो हजारीबाग तथा चाईबासा में अवैध निकासी मामले में दर्ज केस को टेकओवर करते हुए सीआईडी थाना रांची में प्राथमिक की दर्ज कर ली है। पूरे मामले की जांच जारी है।