बिहार: सम्राट कैबिनेट का मेगा विस्तार कल; गांधी मैदान में 'शक्ति प्रदर्शन' के साथ 30 मंत्री लेंगे शपथ
Bihar: Mega Expansion of Samrat Cabinet Tomorrow
Bihar: Mega Expansion of Samrat Cabinet Tomorrow, बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार से ठीक पहले राजधानी पटना में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. एनडीए के अधिकांश विधायक पटना पहुंच चुके हैं, जबकि कई विधायक मंत्री पद की उम्मीद लेकर लगातार पहुंच रहे हैं. बता दें कि सम्राट चौधरी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार 7 मई (गुरुवार) को दोपहर करीब 12 बजे प्रस्तावित है. शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होगा. प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है. बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को दो उपमुख्यमंत्रियों-विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव के साथ शपथ ली थी, और अब बहुप्रतिक्षित मंत्रिमंडल विस्तार भी होने जा रहा है.
मंत्रियों की संख्या और समीकरण
सूत्रों के अनुसार, सम्राट चौधरी की नई कैबिनेट में भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड के बीच बराबरी का संतुलन साधने की कोशिश की गई है. इस विस्तार में कुल 28 से 30 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है. विस्तार के बाद कैबिनेट की कुल संख्या 30 से 32 तक पहुंच सकती है, जबकि अधिकतम सीमा 36 है. दलवार हिस्सेदारी में बीजेपी और जेडीयू के बीच संतुलन बनाए रखने की कोशिश की गई है. बीजेपी से 12 और जेडीयू से करीब 11 से 12 मंत्री शपथ ले सकते हैं. इसके अलावा सहयोगी दलों जैसे चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) से 2 मंत्री और जीतन राम मांझी की ‘हम’ पार्टी से 1 मंत्री के शामिल होने की संभावना है.
जेडीयू और बीजेपी में मंथन
इस बीच मिली जानकारी के अनुसार, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा कर्नाटक दौरे से लौटकर पटना पहुंचेंगे और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे. संभावित मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर इसी बैठक में लग सकती है. इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी पटना पहुंच रहे हैं. जेडीयू कोटे के मंत्रियों के नाम फाइनल करने से पहले नीतीश कुमार के साथ भी अहम बैठक हो सकती है.
बता दें कि एनडीए के अन्य सहयोगी दल भी मंत्रिमंडल विस्तार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. एलजेपी (रामविलास) के सांसद और बिहार प्रभारी अरुण भारती आज सम्राट चौधरी से मुलाकात करेंगे. इस बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा होगी. सूत्रों के अनुसार, एलजेपी कोटे से संजय पासवान का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है. वहीं, कुछ अन्य नामों पर भी चर्चा चल रही है. रालोमो से दीपक प्रकाश का मंत्री बनना भी लगभग तय बताया जा रहा है.
बड़े नेताओं की मौजूदगी
शपथ ग्रहण समारोह में देश के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रह सकते हैं. इसके अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और एनडीए के प्रमुख नेताओं को भी आमंत्रण भेजा गया है.
एनडीए एकजुटता का प्रदर्शन
इस समारोह को एनडीए की ताकत और एकजुटता दिखाने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है. शहर में लग रहे बैनर और पोस्टर में बीजेपी और जेडीयू के साथ-साथ अन्य सहयोगी दलों के नेताओं की तस्वीरें भी नजर आ रही हैं. कार्यकर्ताओं और नेताओं के बैठने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे यह आयोजन राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का बड़ा मंच बन सकता है.