बड़ी खबर: रामनगर-ऊधमपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी बस, कई लोगों की मौत की आशंका
Big news: Tragic accident on Ramnagar-Udhampur road
उधमपुर/रामनगर। रामनगर-ऊधमपुर मार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग प्रारंभिक तौर पर बड़ा कारण बनकर सामने आई है। कघोटे इलाके में एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर यात्री बस करीब 70 से 80 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 10 से अधिक लोगों की मौत की अपुष्ट आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस जेके14डी2121 सुबह रामनगर से ऊधमपुर आ रही थी। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जिनमें सरकारी कर्मचारी, स्कूल व कालेज के शिक्षक और विद्यार्थी शामिल बताए जा रहे हैं। सुबह करीब 9:40 बजे बस चालक ने कघोट इलाके में मोड़ काटते समय बस से अपना नियंत्रण खो दिया।
जिससे बस सड़क से 80 मीटर नीचे पलट कर उलटी होकर गिरी और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस और एसडीआरएफ
सूचना मिलते ही पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया। खाई में गिरी बस पलटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे कई यात्री नीचे गिर गए और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही मौत की आशंका जताई जा रही है। बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जीएमसी ऊधमपुर पहुंचाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी और मोड़ पर चालक नियंत्रण नहीं रख सका। वहीं घायलों के अनुसार बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और कई लोग खड़े भी थे, जिससे हादसे की गंभीरता बढ़ गई।
जीएमसी में उपचाराधीन घायल यात्री देस राज ने बताया कि चालक बस को काफी तेज गति से चला रहा था और अचानक मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद बस खाई में जा गिरी।
केद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जताया दुख
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने उपायुक्त ऊधमपुर से बात कर स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया है और गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने की भी व्यवस्था की जा रही है।
इस संबंध में डीएसपी ट्रैफिक पंकज सूदन ने बताया कि हादसा गंभीर है और पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर अभियान चला रही हैं। मृतकों और घायलों की सटीक संख्या का अभी पता लगाया जा रहा है।
वहीं पीसीआर ऊधमपुर के मुताबिक मृतकों का स्पष्ट आंकड़ा नहीं है, मगर यह संख्या 10 से अधिक है। वहीं प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।