भोजपुर: सुबह - सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला तुलसी छपरा; स्कूल जा रहे शिक्षक की हत्या
Bhojpur: Tulsi Chhapra Rocked by a Barrage of Gunfire Early Morning
Bhojpur: Tulsi Chhapra Rocked by a Barrage of Gunfire Early Morning, भोजपुर जिले के सिन्हा थाना क्षेत्र के तुलसी छपरा गांव में गुरुवार की अहले सुबह हथियारबंद बदमाशों ने एक सरकारी स्कूल के शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए।
मृतक की पहचान तुलसी छपरा गांव निवासी विश्वनाथ पाल के 35 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार पाल के रूप में हुई है। वे कन्या विद्यालय फरहदा में कार्यरत थे।
मृतक के गर्दन से लेकर सिर तक दो जगहों पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है।
वारदात के बाद एसडीपीओ-2 रंजीत सिंह और थानाध्यक्ष सुजीत कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं।
मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम
वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची है। हत्या के कारणों और इसमें शामिल अपराधियों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक नीरज पाल गुरुवार की सुबह घर से शौच के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी और फरार हो गए। बाद में घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।